पीपुल्स एलाइंस प्रतिनिधिमंडल ने डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गाँव का दौरा किया

उत्तर प्रदेश ताज़ा खबर पूर्वांचल भारत समाज

यूपी सरकार सिद्धार्थनगर जनपद को बाढ़ प्रभावित जनपद घोषित करे- इं शाहरुख अहमद

सिद्धार्थनगर, 23 अगस्त 2021: इण्डो नेपाल पोस्ट

पीपुल्स एलाइंस प्रतिनिधिमंडल ने डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के कई बाढ़ प्रभावित गाँव का दौरा किया। हर साल की तरह इस साल भी नेपाल की ओर से आने वाले बाढ़ के पानी से सिद्धार्थनगर जनपद के ब्लाक डुमरियागंज, इटवा, बांसी, शोरहतगढ़, उसका, जोगिया, नौगढ़ व आसपास के जिलों में बाढ़ का कहर जारी है। सिद्धार्थनगर जिले में बहने वाली 4 नदियां खतरे के निशान को पार कर चुकी है। इन नदियों का पानी सैकड़ों से ज्यादा गाँव को जलमग्न और हजारों बीघे खेतों को अपनी आगोश में ले चुका है। हर साल बाढ़ आती है और सारी फसल को बर्बाद कर देती है।

बाढ़ प्रभावित गाँव भरवाठिया मुस्तहक़म की फातिमा (50) ने दुःखी मन से कहा कि घर में पानी भर गया है। हर साल बाढ़ से हम लोग की ज़िंदगी नरक बन जाती है।मानती देवी ने कहा कि बाढ़ से फसलें डूब गईं है, फसलों का नुकसान हो गया। हर साल खरीफ़ की फसल बाढ़ की वजह से बर्बाद हो जाता है लेकिन हम लोगों को फसल नुकसान का मुआवजा नहीं मिलता है।वंही सकीना (38) ने कहा कि बाढ़ से घर में पानी घुस आया है। जिससे खाना बनाने, शौच और आने-जाने की दिक्कत हो रही है। इसरारुल हक हाशमी ने कहा कि हर साल बाढ़ का दंश झेलना पड़ता है।

वंही गांव के मुनेसर प्रजापति, तजरुन्निशा, उषा देवी, हसीना बेगम, छांगुर, जमीला खातून, जेहराती, अली हुसैन, लल्लन आदि ने बताया कि जब बाढ़ आती है तो गांव में पानी घुस जाता है। नेता और साहब लोग आते हैं आश्वासन देकर चले जाते हैं।

पीपुल्स एलाइंस प्रदेश कार्यकारणी सदस्य इं शाहरुख अहमद ने कहा कि डुमरियागंज तहसील क्षेत्र में राप्ती नदी के उफान से लोग घर से बेघर हो रहे हैं। खरीफ की फसल डूब गई है। सैकड़ों से ज्यादा गाँव बाढ़ से प्रभावित हो गए और दर्जनों गांव टापू में तब्दील हो गए हैं। भरवठिया, पिकौरा, वीरपुर, पेडरियाजीत, बुढ़िया तैयार, रेडवारिया, डुमरिया, फत्तेहपुर, खुरपहवां, मझिया व बड़हरा समेत सैकड़ों गाँव बाढ़ के चपेट में हैं। दो दिन पहले सेखुई गोवर्धनपुर के निवासी का बाढ़ में डूबने की वजह से मौत भी हो गई है। गाँव के लोग बाढ़ के विकराल रूप धारण करने की वजह से भयभीत हैं। पीपुल्स एलाइंस उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से मांग करता है कि जनपद को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित करें और बाढ़ से प्रभावित परिवारों को तत्काल 8000 रुपये की सहायता राशि भेजकर मदद करे।

पीपुल्स एलाइंस प्रतिनिधिमंडल में इं शाहरुख अहमद, जावेद खान, इमरान अहमद, मुराद आदि लोग शामिल रहे।

Loading