दर्जनों गांव में बाढ़ के पानी से हाहाकार, राहत सामग्री पहुंचाने और मदद में जुटे जनप्रतिनिधि व प्रशासन

उत्तर प्रदेश ताज़ा खबर पूर्वांचल भारत राजनीति समाज

एम एस खान

शोहरतगढ़ 30 अगस्त। इंडो नेपाल पोस्ट

तहसील क्षेत्र शोहरतगढ़ के बढ़नी व शोहरतगढ़ ब्लॉक के दर्जनो गांव में बाढ़ का पानी अपना दम दिखा रहा है।तुलसियापुर-कठेला मुख्य मार्ग पर काफी पानी बह रहा है। कई गांव में पानी घुसने से ग्रामीण दहशत में हैं। बाढ़ प्रभावित इलाके में हाहाकार की स्थिति मची हुई है। उच्च अधिकारी, तहसील प्रशासन व जनप्रतिनिधि बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए प्रयास में लगे हुए हैं।

तहसील क्षेत्र के बानगंगा, घोरही, बूढ़ी राप्ती नदियां उफान पर हैं। नदियों का जलस्तर बढ़ने से नदी का पानी गांव और खेतों की तरफ तेजी से पसरने लगा है। हजारों एकड़ धान फसल जलमग्न है। ग्रामीण जीवन को सुरक्षित रखने के लिए छत व ऊंचे स्थान का सहारा ले रहे हैं। गांव में पानी घुसने और आवागमन का रास्ता जलमग्न हो जाने से क्षेत्रवासियों को काफी दुश्वारियां का सामना करना पड़ रहा है। दैनिक जीवन यापन के सामानों के लिए नागरिक बेहाल हैं पशुओं के चारा और बीमारी के लिए दवा की जरूरत उन्हें काफी दुखदाई बना रही है। क्षेत्र के इटहिया, बाला नगर , कचरीहवा प्रतापपुर, खैरी झूँगाहवा, खैरी शीतल प्रसाद, मटियार, भूतहवा, करौता ,टीकर,मुरव्वन डीह, नकोल डीह, नजरगढ़वा, पथरदेई, रेकहट, जला पुरवा,गुलरगजवा समेत कई गांव पानी की चपेट में आ चुके हैं। कई गांव के संपर्क मार्ग पूरी तरह बंद हो चुका है। ढेबरूआ इटवा मार्ग पर नजर गढ़वा के पास सड़क पटरी कटान होते देख लोक निर्माण विभाग कर्मचारियों के साथ मरम्मत कार्य में जुटा हुआ है।

शोहरतगढ़ विधायक चौधरी अमर सिंह ने बाढ़ पीड़ितों के बीच बांटा राहत सामग्री

बाढ़ प्रभावित इलाके का जायजा लेने के लिए शोहरतगढ़ विधायक चौधरी अमर सिंह, तहसीलदार धर्मवीर भारती ने इटहिया,बालानगर, फुलवरिया, लालपुर आदि बाढ़ग्रस्त गाँव के बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री,दवाओं का वितरण करवाया एवं मौके पर तहसीलदार शोहरतगढ़ एवं बचाव दल टीम के लिए निर्देश दिया। तहसीलदार धर्मवीर भारती ने बताया कि विगत कई दिनों से तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांव में लेखपाल वा राजस्व निरीक्षक के सहयोग से बाढ़ राहत सामग्री पहुंचाने का अनवरत प्रयास किया जा रहा है जरूरत के अनुसार आवश्यक स्थानों पर ग्रामीणों की सुविधा के लिए नाव की भी व्यवस्था की जा रही है।

सपा नेता मोहम्मद जमील सिद्दीकी ने बाढ़ प्रभावित गांव का भ्रमण कर पीड़ितों के मदद के लिए बढ़ाया कदम

समाजवादी पार्टी नेता पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मोहम्मद जमील सिद्दीकी ने तहसील शोहरतगढ़ व इटवा क्षेत्र के दर्जनों बाढ़ प्रभावित इलाकों का समर्थकों के साथ भ्रमण कर पीड़ितों का हाल जाना। पीड़ितों के मदद के लिए हर स्तर से प्रयास करते हुए उन्हें इस आपदा के समय में धैर्य व साहस से काम लेने को कहा। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत करते हुए कहा कि सरकार द्वारा किये जा रहे सहायता के दावे नाकाफ़ी है। जनता सब कुछ देख रही है। कई गांव के नागरिक सरकारी सहायता से वंचित हैं। सरकार को हर पीड़ित के मदद के लिए काम करना चाहिए। ढेबरूआ इटवा मार्ग पर नजर गढ़वा के पास सड़क पटरी कटान होते देख लोक निर्माण विभाग को सूचित कर मरम्मत कार्य करने को कहा।

Loading