बढ़नी ओवर ब्रिज निर्माण, सांसद डीएम, एसपी व सेतु निगम के अधिकारियों के साथ नगरवासियों की समस्या को सुना

उत्तर प्रदेश ताज़ा खबर पूर्वांचल बॉर्डर स्पेशल भारत राजनीति समाज

सांसद ने कहा ,नहीं होगा किसी का नुकसान, विकल्प की खोज

एम एस खान

बढ़नी,26 अगस्त 2023। इण्डो नेपाल पोस्ट

बढ़नी कस्बे के रेलवे क्रासिंग पर प्रस्तावित फ्लाई ओवर के निर्माण को लेकर नगर के लोग परेशान हैं। रेलवे स्टेशन के पश्चिमी गेट क्रासिंग से ओवर ब्रिज बनने पर बाज़ार व्यवस्था को नुकसान और पूर्वी गेट क्रासिंग से ब्रिज बनने पर सैंकड़ों आवास के टूटने की आशंका। दोनों तरफ़ के लोगों ने सांसद डुमरियागंज जगदम्बिका पाल के पास मांगपत्र लेकर परेशानियों से अवगत कराया।


शनिवार को दोपहर बाद सांसद जगदंबिका पाल, डीएम संजीव रंजन व पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार अग्रवाल ने शोहरतगढ़ उपजिलाधिकारी प्रदीप कुमार यादव, हल्का लेखपाल सुनील कुमार, सेतु निर्माण इकाई बस्ती उप परियोजना प्रबंधक कमलेश त्रिपाठी, अवर अभियंता सिविल अशोक कुमार तिवारी के साथ बढ़नी नगर पहुंचे।

बस स्टॉप तिराहा पर भारी संख्या में नगर के लोग नगर अध्यक्ष सुनील अग्रहरि, कन्हैया मित्तल, कलीम अहमद ,खलकुलल्लाह आदि लोग खड़े होकर सांसद, डीएम, एसपी को ओवर ब्रिज निर्माण स्थल को दिखाते हुए कहा कि यह नगर की बाजार व्यवस्था का मुख्य हिस्सा है। ब्रिज यहाँ बनने से मुख्य बाजार व्यवस्था चौपट हो जायेगी।

बस स्टॉप तिराहा से आगे बढ़कर पैदल चलते हुए सांसद, डीएम रेलवे पश्चिमी क्रासिंग पर आ रुके। यहाँ धुरूप चतुर्वेदी, शकील अहमद आदि लोगों ने कल्लन डीह के आवागमन का मुख्य मार्ग दिखाया और समस्या को बताया गया।

वहां से आगे बढ़कर सरदार जसपाल सिंह , व पूर्व नगर अध्यक्ष निसार बागी के घर के पास पहुंचे। यहाँ लोगों ने कहा कि ब्रिज के ढलान पर भारी जाम की समस्या आयेगी। दुर्घटनाओं की सम्भावना बढ़ेगी। यहाँ से चलकर वे सभी रेलवे पूर्वी क्रासिंग पा आ ठहरे। गांधी आदर्श विद्यालय इण्टर कॉलेज बढ़नी को रेलवे किनारे से और नेपाल बॉर्डर को जोड़ने वाली सड़क की स्थिति को सभी अधिकारियों ने देखा।

इसके बाद मिल कॉलोनी, मुडिला के राजन श्रीवास्तव, विकास सिंह, संजय पांडेय, फ़िरोज रिज़्वी आदि सैकड़ों लोगों के आग्रह पर सांसद जगदंबिका पाल, डीएम संजीव रंजन व पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार अग्रवाल मिल कॉलोनी पहुंचे, जहां पर लोगों ने कहा कि पूर्वी रेलवे क्रासिंग की तरफ फ्लाई ओवर ब्रिज बनने से दर्जनों लोग घर विहीन हो जाएंगे।

सभी के पास यहां के अलावा कोई आसरा नही है। जिस पर फ्लाई ओवर ब्रिज ने आपस में चर्चा करते हुए निर्णय लिया कि फ्लाई ओवर ब्रिज पूर्वी तरफ से भी बनने से लोगों को काफी परेशानी होगी।

नगर के लोगों ने सांसद सहित उच्चाधिकारियों से प्रस्तावित फ्लाई ओवर को कस्बे से बाहर मनाने की मांग की। इसके बाद सेतु निगम, पीडब्लूडी के इंजीनियर्स को उक्त दोनों स्थानों के अलावा किसी तीसरे स्थान पर फ्लाई ओवर ब्रिज निर्माण के लिए स्थान तलाशने का निर्देश दिया।

सांसद व डीएम के कहने पर उपजिलाधिकारी प्रदीप कुमार यादव , राजस्व विभाग के लेखपाल, सेतु निगम, पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर नगर के बाहरी मिल कॉलोनी के पूर्वी हिस्से की तरफ राप्ती मुख्य नहर के किनारे से विकल्प खोजने में शाम तक जुटे रहे.

Loading