शोहरतगढ़ के वीरेंद्र सिंह ग्रामीण स्टेडियम में चुनावी जनसभा को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया संबोधित अपना दल प्रत्याशी को जिताने के लिए जुटी बीजेपी टीम

उत्तर प्रदेश ताज़ा खबर पूर्वांचल भारत राजनीति समाज

एम एस खान

शोहरतगढ़ 21 फ़रवरी,2022। इण्डो नेपाल पोस्ट

रविवार शाम के समय शोहरतगढ़ के छतहरी स्थित वीरेंद्र सिंह ग्रामीण स्टेडियम में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सपा और अखिलेश यादव पर सीधा निशाना साधा। कहा कि इनका आतंकवादियों से आखिर क्या रिश्ता है? भाजपा आतंकवाद के मंसूबों को कामयाब नहीं होने देगी। प्रदेश को भयमुक्त बनाने के लिए भाजपा की सरकार जरूरी है।

सरकार बनने पर महिलाओं, युवाओं, सभी को तमाम तरह की सुविधाएं मिलेंगी। जनता ने भाजपा की सरकार बनाई तो धारा 370 समाप्त हुआ। तीन तलाक खत्म कर मुसलिम महिलाओं को आजादी दिलाई। भाजपा गांव,गरीब, वंचित,पीड़ित शोषित,दबे,समज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्य धारा में लाने का काम किया है।

महिलाओं सशक्तीकरण और युवाओं को ताकत देने की योजना है और किसानों को मुख्य धारा से जोड़ने की योजना है। प्रधानमंत्री ने जनधन योजना में 20 करोड़ बहनों को कोरोना काल में पाँच पाँच सौ रुपए देने का काम किया।योगी की सरकार पुन: आयेगी तो होली और दीपावली पर एक एक गैस सिलेंडर मुफ्त मिलेगा।गरीबों को पक्के मकान दिया गया। गोल्डेन आयुष्मान कार्ड से गरीबों को इलाज के लिए हर साल पाँच लाख का इलाज मुफ्त हो रहा है।

सपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि ये चांदी की चम्मच के साथ पैदा होने वाले गरीबी और गरीबों का हाल क्या जानें। किसानों को प्रधामंत्री किसान सम्मान निधि के तहत तिमाही 2000 रुपए मिल रहा है। स्टेडियम में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा साढ़े चार बजे से साढ़े पांच बजे तक क़रीब एक घण्टा रहे। भाजपा और अपना दल (एस) गठबंधन के प्रत्याशी विनय वर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जन समूह को धन्यवाद ज्ञापित किया।

डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल ने भी किया संबोधित

रविवार को शाम के समय विधानसभा क्षेत्र शोहरतगढ़ 302 के गठबंधन अपना दल उम्मीदवार विनय वर्मा के समर्थन में पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल ने चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी सरकार की उपलब्धियों को गिना कर विधानसभा क्षेत्र शोहरतगढ़ 302 के गठबंधन अपना दल गठबंधन उम्मीदवार विनय वर्मा को जीत दिलाने के लिए हुंकार भरा।

सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि जनपद का सौभाग्य है कि पिछले लोकसभा चुनाव में जेपी नड्डा जी प्रभारी के रूप में जनपद के उसका में पहला कार्यक्रम हुआ था और भारतीय जनता पार्टी को लोकसभा में बेहतर जीत हासिल हुई थी। सिद्धार्थनगर वासियों का सौभाग्य है कि एक बार फिर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आशीर्वाद से भारतीय जनता पार्टी और अपना दल गठबंधन वाली सरकार की जीत उत्तर प्रदेश में होगी।

उत्तर प्रदेश को विधानसभा चुनाव में 350 से अधिक सीटें मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी भारत ही नहीं विश्व की एक बड़ी पार्टी है। भारत देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ जैसे अच्छे व्यक्तित्व को उत्तर प्रदेश का कमान सौंपकर मुख्यमंत्री बनाने का काम किया।

सिद्धार्थनगर जनपद का भी विकास हुआ। मेडिकल कॉलेज की उपलब्धि के साथ-साथ इस आकांक्षी जनपद को आत्मनिर्भर बनाकर जहां एक तरफ काला नमक उत्पाद से पहचान मिली। किसान सम्मान निधि की धनराशि बढ़ सकती है। डबल इंजन की सरकार ने गरीबों को मुफ्त अनाज देने का काम किया। उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार की जीत से लोगों को राहत मिलेगी।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष को सुनने के लिए शाम तक स्टेडियम में जुटी रही भीड़

रविवार को नगर पंचायत शोहरतगढ़ के छतहरी स्थित वीरेंद्र सिंह ग्रामीण स्टेडियम में विधानसभा चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व पार्टी के अन्य नेताओं को सुनने के लिए दूरदराज से आयी क्षेत्र की जनता सुबह से ही देर शाम तक स्टेडियम में ठहरी रही।

राष्ट्रीय अध्यक्ष को 3:20 पर स्टेडियम में पहुंचने का समय निर्धारित था। लेकिन वे एक घंटे बिलम्ब से स्टेडियम में उनका हेलीकॉप्टर लैंड हुआ। सभी ने उनका जोरदार स्वागत किया। मंच पर पहुंचकर उन्होंने लोगों का अभिवादन किया। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के बाद वह आधा घंटा तक जनता को संबोधित किए।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का संबोधन जैसे ही भगवान गौतम बुद्ध ,शक्तिपीठ मां पलटा देवी और क्षेत्र के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद बुधई का नाम से शुरू हुआ, तो जोरदार नारों और राष्ट्रीय अध्यक्ष के जयकारों से स्टेडियम गूंज उठा।


संबोधन के दौरान कार्यकर्ताओं और जनता का उत्साह इस कदर रहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष को बीच-बीच में कई बार अपने भाषण को रोकना पड़ा और जनता से निवेदन करते हुए पार्टी के संदेश को सुनने का आग्रह किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष का हेलीकॉप्टर एक घंटा के जनसभा स्थल से उड़ते ही भीड़ अपने घर , गांव की तरफ वापस चल पड़ी।

जनसभा में क्षेत्र के प्रधानों के साथ मौजूद रहे जिला अध्यक्ष

रविवार को वीरेंद्र सिंह ग्रामीण स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का स्वागत पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन के जिला अध्यक्ष डॉ पवन मिश्रा ने किया उन्होंने मंच से जनसभा में मौजूद ग्राम प्रधानों का हाथ उठवाकर कर भाजपा के लिए जनसमर्थन की बात कही। भारतीय जनता पार्टी के डुमरियागंज लोकसभा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के ही नहीं जनपद के तमाम ग्राम प्रधान पार्टी के साथ हैं।

जनसभा में इन्होंने भी किया संबोधन

वीरेंद्र सिंह ग्रामीण स्टेडियम में आयोजित चुनावी जनसभा में पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कार्यक्रम के दौरान अपना दल जिला अध्यक्ष आत्माराम पटेल, पूर्व भाजपा अध्यक्ष लाल जी त्रिपाठी उर्फ लाल बाबा, श्यामसुंदर मित्तल, अमित यादव ,अंजली चौधरी, अजय सोनी, राजा योगेंद्र प्रताप सिंह, राजेंद्र कुमार, प्रदीप कमलापुरी, निषाद पार्टी जिला अध्यक्ष हरिराम निषाद व अयोध्या धाम से पधारे बलराम दास जी ने गीत के माध्यम से अपना संबोधन किया। जबकि कार्यक्रम का संचालन दिलीप चतुर्वेदी ने किया। इस दौरान , भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद माधव, अपना दल अध्यक्ष आत्माराम पटेल, हरीश वर्मा,एस पी अग्रवाल, अनिल अग्रहरि, डॉ पवन मिश्रा, रामपाल सिंह, अजय सिंह, हरीश वर्मा, किशोरी लाल मित्तल, शिव शक्ति शर्मा, सूर्य प्रकाश पांडेय, दलसिंगार दुबे, राममिलन त्रिपाठी, जफर आलम, लवकुश दुबे, राजेंद्र, हरी राम निषाद, अंजलि चौधरी, नर्वदेश्वर मणि त्रिपाठी ,नगर पंचायत अध्यक्ष शोहरतगढ़ प्रतिनिधि सौरभ गुप्ता , माधुरी मिश्रा, विशाल कसौधन, बृजेश वर्मा, गायक प्रमोद यादव प्रदीप कमलापुरी आदि लोग मौजूद रहे।

Loading